लखनऊ, 2 सितंबर। उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति के बीच योगी सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। प्रदेश के 23 जिलों में प्रशासन युद्धस्तर पर राहत कार्य में जुटा है। अब तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 16,784 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बुधवार को ही 3,042 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।बाढ़ग्रस्त इलाकों में राहत और बचाव के लिए 1,499 नाव एवं मोटरबोट लगाई गई हैं। इनके जरिए जलमग्न गांवों में फंसे लोगों को निकालने के साथ राहत सामग्री भी पहुंचाई जा रही है।राहत आयुक्त के अनुसार प्रदेश में अब तक 35 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। वर्तमान में अयोध्या, बलिया, गाजीपुर, गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, सीतापुर, वाराणसी समेत 23 जिलों में राहत अभियान जारी है।प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है। अब तक 68,953 खाद्यान्न पैकेट और 3.36 लाख से अधिक लंच पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। बाढ़ के बाद संक्रमण और जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए 5.02 लाख से अधिक क्लोरीन टैबलेट और 1.77 लाख ओआरएस पैकेट बांटे गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 1,067 मेडिकल टीमें सक्रिय हैं।प्रभावित लोगों के लिए 1,311 बाढ़ शरणालय बनाए गए हैं, जिनमें 201 संचालित हैं। बाढ़ से 36,287 पशु प्रभावित हुए हैं, जबकि क्षतिग्रस्त मकानों के 442 मामलों में सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।