यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस अधिकारियों के तबादले
उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि और पंचायती राज समेत कई अहम विभागों में बदली जिम्मेदारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। तबादलों में उच्च शिक्षा, पर्यटन, परिवहन, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, वन एवं पर्यावरण, कृषि, पंचायती राज और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं।अमित कुमार घोष को अपर मुख्य सचिव (एसीएस), उच्च शिक्षा बनाया गया है। वहीं अमृत अभिजात, जो अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य हैं, को अपर मुख्य सचिव परिवहन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।अनिल कुमार को प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद के साथ उपभोक्ता मामले विभाग और आयुक्त, खाद्य एवं रसद की जिम्मेदारी दी गई है। वी. हेकाली झिमोमी को प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा के पद पर स्थानांतरित किया गया है।महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन बनाया गया है। एम.के.एस. सुंदरम को प्रमुख सचिव कृषि तथा रविंद्र को प्रमुख सचिव पंचायती राज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके अलावा अमित गुप्ता, प्रमुख सचिव स्टाम्प एवं निबंधन, को प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। रणवीर प्रसाद को प्रमुख सचिव ऊर्जा के साथ अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।डॉ. आशीष कुमार गोयल को अपर मुख्य सचिव श्रम का कार्यभार दिया गया है।सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि और पंचायत जैसे प्रमुख क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों का पुनर्विन्यास किया गया है। इससे विभागीय स्तर पर प्रशासनिक प्राथमिकताओं और कार्यप्रणाली में बदलाव की संभावना है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।