नुवाकोट, नेपाल। नेपाल के नुवाकोट जिले में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बाढ़ की चपेट में त्रिशूली क्षेत्र स्थित त्रिभुवन त्रिशूली माध्यमिक विद्यालय भी प्रभावित हुआ है। विद्यालय में करीब 1,650 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बाढ़ के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने कई छात्रों की स्थिति तत्काल स्पष्ट नहीं होने पर गहरी चिंता जताई।
प्रधानाध्यापक के अनुसार, सुबह की प्रार्थना सभा से कुछ समय पहले विद्यालय को बाढ़ की चेतावनी मिली थी। चेतावनी मिलते ही विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने परिसर में मौजूद विद्यार्थियों तथा छात्रावास में रहने वाले बच्चों को सुरक्षित स्थान की ओर पहुंचाने का प्रयास शुरू कर दिया। समय रहते कई छात्रों को ऊंचे स्थान पर पहुंचा दिया गया।
हालांकि अचानक आई बाढ़ के समय बड़ी संख्या में विद्यार्थी रास्ते में थे या अपने घरों से विद्यालय के लिए निकलने की तैयारी कर रहे थे। ऐसे में शुरुआती घंटों में विद्यालय प्रबंधन सभी छात्रों से संपर्क नहीं कर सका। प्रधानाध्यापक ने बताया कि वे तत्काल केवल करीब 100 विद्यार्थियों की सुरक्षा की पुष्टि कर पाए थे, जिन्हें उन्होंने स्वयं सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया था।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में लोगों को एक स्कूल के बाढ़ में बह जाने की बात कहते हुए सुना जा सकता है। हालांकि संबंधित विद्यालय का नाम और कितने छात्र प्रभावित या लापता हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रशासन और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां स्थिति का जायजा ले रही हैं। फिलहाल प्राथमिकता छात्रों की सुरक्षित तलाश और उनके परिजनों तक सही सूचना पहुंचाना है।
नुवाकोट में भीषण बाढ़ से हड़कंप, 1,650 छात्रों वाले स्कूल में कई की स्थिति अस्पष्ट : नेपाल
नेपाल के नुवाकोट जिले में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बाढ़ की चपेट में त्रिशूली क्षेत्र स्थित त्रिभुवन त्रिशूली माध्यमिक विद्यालय भी प्रभावित हुआ है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।