भोटेकोशी बाढ़ में 1,377 शव मिले, 5,930 लोग अब भी लापता : नेपाल
राष्ट्रीय विपद् जोखिम न्यूनीकरण तथा व्यवस्थापन प्राधिकरण ने गुरुवार सुबह 11 बजे यह आंकड़ा जारी किया। प्राधिकरण के अनुसार सबसे अधिक 346 शव चितवन में मिले हैंl
काठमांडू। नेपाल में रसुवा के भोटेकोशी क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद जारी खोज एवं बचाव अभियान में अब तक 1,377 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 5,930 लोग अभी भी लापता हैं। राष्ट्रीय विपद् जोखिम न्यूनीकरण तथा व्यवस्थापन प्राधिकरण ने गुरुवार सुबह 11 बजे यह आंकड़ा जारी किया।प्राधिकरण के अनुसार सबसे अधिक 346 शव चितवन में मिले हैं। नवलपरासी पूर्व में 228, नवलपरासी पश्चिम में 222, नुवाकोट में 198 और रसुवा में 178 शव बरामद किए गए हैं। गोरखा में 77, धादिङ में 70 और तनहुँ में 38 लोगों के शव मिले हैं। काठमांडू में उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हुई है।बाढ़ में 333 लोग घायल हुए, जिनमें 256 को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। राहत एवं बचाव एजेंसियों ने अब तक 13,656 लोगों को सुरक्षित निकाला है। प्रभावित क्षेत्रों में नेपाली सेना और सशस्त्र प्रहरी बल की ओर से क्रमशः 1,348 और 272 हवाई उड़ानें संचालित की गई हैं।खोज एवं राहत अभियान में नेपाली सेना, नेपाल प्रहरी और सशस्त्र प्रहरी बल के 21,063 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। विस्थापितों के लिए 37 होल्डिंग सेंटर बनाए गए हैं। इनमें नुवाकोट में 2,615, रसुवा में 775 और धादिङ में 295 लोग रह रहे हैं।प्रभावित क्षेत्रों में मनोसामाजिक परामर्श भी चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने 150 से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य जनशक्ति को प्रभावित इलाकों में भेजा है। हजारों लोगों के लापता होने के कारण अब राहत के साथ व्यापक खोज अभियान और शवों की पहचान प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।