भोटेकोशी बाढ़ की त्रासदी: मृतकों का आंकड़ा 1,127 पहुंचा : नेपाल
नेपाल के कई जिलों में तबाही, 1,113 शवों का पंचनामा पूरा; 95 शव परिजनों को सौंपे गए
काठमांडू, 2 सितंबर। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई है। बाढ़ के बाद चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान के दौरान बुधवार सुबह 5 बजे तक विभिन्न स्थानों से 1,127 शव बरामद किए जा चुके हैं। नेपाल पुलिस के अनुसार मृतकों की संख्या में अभी और वृद्धि की आशंका बनी हुई है।नेपाल पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक रसुवा में 45, नुवाकोट में 155, धादिंग में 59, चितवन में 348, गोरखा में 66, तनहूं में 38, नवलपरासी पूर्व में 217 और नवलपरासी पश्चिम में 190 शव मिले हैं। इसके अलावा भारत में भी बाढ़ से संबंधित नौ शव बरामद किए गए हैं।बरामद शवों में से 1,113 का लासजाँच मुचुल्का यानी पंचनामा पूरा किया जा चुका है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पहचान की कार्रवाई के बाद 95 शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं।भोटेकोशी बाढ़ ने नेपाल के कई जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। तेज बहाव के कारण बड़ी संख्या में लोग लापता हुए और कई बस्तियों तथा बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। इसके बाद नेपाल पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।प्रशासन की प्राथमिकता अब बरामद शवों की पहचान कर उन्हें परिजनों तक पहुंचाना तथा लापता लोगों की तलाश जारी रखना है। राहत और बचाव कार्य के बीच बढ़ता मृतकों का आंकड़ा इस प्राकृतिक आपदा की भयावहता को सामने ला रहा है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।