सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुहचोरवा घाट पर बूढ़ी राप्ती नदी के पास 30 अगस्त की रात हुई हरिश्चन्द्र अग्रहरि की हत्या का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया। पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद और कथित अवैध संबंधों के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में मृतक की पत्नी माया देवी (35) समेत इरशाद (30), अब्दुल्ला (24) और नियाज अहमद (30) को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के मुताबिक कपियवा निवासी हरिश्चन्द्र की हत्या के बाद शव नदी में फेंक दिया गया था। वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए उसका ई-रिक्शा नदी की ओर लटका दिया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस और ढेबरुआ पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच की। मंगलवार को बढ़नी के पचपेड़वा तिराहे के पास इरशाद, अब्दुल्ला और नियाज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ।पुलिस का दावा है कि माया देवी ने पति की हत्या के लिए नियाज अहमद पर दबाव बनाया था। इसके बाद नियाज ने कथित तौर पर 1.10 लाख रुपये की सुपारी दी। पुलिस के अनुसार 30 अगस्त की रात हरिश्चन्द्र को मुहचोरवा घाट ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई।चारों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस ने छह मोबाइल फोन, पहचान संबंधी दस्तावेज, 600 रुपये नकद और एयर इंडिया का टिकट भी बरामद किया है। पुलिस टीम को एसएसपी ने 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया।